Tuesday, October 20th, 2026

AstraZeneca की कोरोना वैक्‍सीन के इस्‍तेमाल लाभ अधिक हानि कम है -एक्सपर्ट

वॉश‍िंगटन
भारत समेत दुनिया के कई देशों में धड़ल्‍ले से इस्‍तेमाल हो रही ऑक्‍सफर्ड-AstraZeneca की कोरोना वायरस वैक्‍सीन के इस्‍तेमाल को रोके जाने पर विशेषज्ञों ने गंभीर चेतावनी दी है। उन्‍होंने कहा कि वैक्‍सीन पर रोक से फायदा कम और नुकसान ज्‍यादा हो सकता है। यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब जर्मनी, फ्रांस, इटली समेत दुनिया के कई देशों ने एस्ट्राजेनेका की वैक्‍सीन से कथित रूप से खून के थक्‍के जमने की आशंका के बाद इसके इस्‍तेमाल को रोक दिया है।

विशेषज्ञों ने कहा क‍ि बिना किसी ठोस शोध के वैक्‍सीन की सुरक्षा को लेकर जनता को यह निष्‍कर्ष नहीं निकाल लेना चाहिए। अमेरिका की स्‍वास्‍थ्‍य मामलों की विशेषज्ञ प्रफेसर सुसान एलेनबर्ग कहती हैं कि एक वैक्‍सीन को इस तरह से बनाया जाता है ताकि वह कुछ चीजों जैसे संक्रमण या बीमारी को रोक दे।' उन्‍होंने कहा कि वैक्‍सीन हर उस खराब चीज को नहीं रोक सकती है जो किसी इंसान को हो सकता है। इसलिए जब एक वैक्‍सीन का इस्‍तेमाल दुनियाभर में किया जाता है तो हर वह बुरी चीज जो हो सकती है, जिसके होने की आशंका रहती है।


'थक्‍का जमने और वैक्‍सीन के बीच संबंध की अभी तक पहचान नहीं'
एलनबर्ग ने कहा, 'जब यह किसी वैक्‍सीन को लगवाने के आसपास होता है तो लोग यह समझ लेते हैं कि यह निश्चित रूप से वैक्‍सीन की वजह से हुआ है या कम से कम उन्‍हें संदेह हो जाता है कि यह संभवत: वैक्‍सीन की वजह से हुआ है।' एलनबर्ग और कई अन्‍य विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि जब एक नई वैक्‍सीन आती है या दवा बाजार में आम जनता के लिए आती है तो यह अक्‍सर होता है कि स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर सवाल उठता है।


विशेषज्ञों ने कहा कि खून का थक्‍का जमने और वैक्‍सीन के बीच किसी संबंध की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्‍होंने चेतावनी दी कि वैक्‍सीन पर रोक लगाने से अच्‍छे की बजाय देशों को ज्‍यादा नुकसान हो सकता है। ब्रिटेन के साउथहैम्‍पटन विश्‍वविद्यालय के स्‍वास्‍थ्‍य मामलों के विशेषज्ञ माइकल कहते हैं कि हर तरफ अभी बहुत कोरोना है, इसलिए इस हेल्‍थ इमरजेंसी को देखते हुए किसी वैक्‍सीन को रोकने के लिए आपके पास ठोस आंकड़ा होना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि वैक्‍सीन में देरी से और ज्‍यादा मौतें हो सकती हैं।

इससे पहले इटली के दवा नियंत्रक ने सोमवार को एहतियाती कदम उठाते हुए एस्ट्राजेनेका के कोविड-19 रोधी टीके के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी। टीका लेने के बाद रक्त के थक्के बनने की घटनाओं संबंधी खबरें आने के बाद यह कदम उठाया गया है। फ्रांस और जर्मनी ने भी सोमवार को टीके के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी। वहीं, AstraZeneca और वैश्विक स्वास्थ्य अधिकारियों ने दावा किया है कि टीका सुरक्षित है। इटली के उत्तरी पिडमोंट क्षेत्र में 57 वर्षीय एक शिक्षक ने शनिवार को टीका लगवाया था और रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस मामले सहित अन्य ऐसे मामलों में शवों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।

 

#ऑक्‍सफर्ड-AstraZeneca

Source : Agency

पाठको की राय